ढलियारा में अनियंत्रित होकर खाई में गिरा तारकोल से लदा ट्रक, चालक घायल; सत्संग घर के चिल्ड्रन विंग में फैला तारकोल

16 नवम्बर: राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर कांगड़ा जिले के ढलियारा में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। यहां सत्संग घर के समीप तारकोल से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय सत्संग घर के नीचे स्थित परिसर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान होने से टल गया।

जानकारी के अनुसार ट्रक हरियाणा के पानीपत से तारकोल लेकर शाहपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ढलियारा के तीखे और संकरे मोड़ों से गुजरते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरा तारकोल बहकर नीचे स्थित सत्संग घर के चिल्ड्रन विंग के प्रांगण में फैल गया।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय युवा तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। इसके बाद घायल चालक को उपचार के लिए देहरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

ढलियारा के तीखे मोड़ों पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने इस संवेदनशील मार्ग पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत जताई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *