16 नवम्बर: कांगड़ा जिले के गगल बाजार में धर्मशाला मार्ग पर रविवार को दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर डंडों और चाकुओं से हमला कर दिया। इस घटना में करीब 20 लोग घायल हो गए, जिनमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल हैं। मारपीट के चलते बाजार में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, गगल-धर्मशाला रोड पर पीएनबी बैंक के पास रहने वाले लोगों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घायलों को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तियारा भेजा गया।
पुलिस थाना गगल के प्रभारी उधम सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और झगड़े के कारणों सहित इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।