16 नवम्बर: हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चलोह के छनेड़ गांव में देर शाम एक कार अनियंत्रित होकर खाई की ओर नाले में जा गिरी। हादसे के बाद कार सवार युवक पहाड़ी के बीच फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवाओं ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। बाद में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त प्रयासों से युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सुजानपुर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद वाहन गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर युवक की आवाज सुनाई देने पर ग्रामीणों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया। अंधेरा होने के बावजूद युवाओं ने खाई तक पहुंचने का प्रयास किया और युवक को बाहर निकालने में जुट गए। इस दौरान स्थानीय युवक संजीव कुमार ने रेस्क्यू अभियान में अहम भूमिका निभाई।
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मी मनोज कुमार और जोगिंदर ठाकुर ने बचाव अभियान में हिस्सा लिया। वहीं, सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि घायल युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर सिविल अस्पताल सुजानपुर में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।