बिलासपुर: घुमारवीं में दो नाबालिग सहेलियों ने पुल से खड्ड में लगाई छलांग, एक की मौत; दूसरी लापता

16 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं में रविवार शाम सीर खड्ड पुल पर दो नाबालिग छात्राओं से जुड़ी दुखद घटना सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान 14 वर्षीय एक छात्रा का शव बरामद कर लिया गया, जबकि 15 वर्षीय दूसरी छात्रा की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं बरमाणा क्षेत्र की रहने वाली थीं और 10वीं कक्षा में पढ़ती थीं। बताया जा रहा है कि दोनों घर से सुंदरनगर में परीक्षा देने के लिए निकली थीं। इनमें से एक छात्रा अपने ननिहाल में रहती थी, जबकि दूसरी प्रवासी परिवार से संबंध रखती है।

घटना के समय मलोट गांव का एक व्यक्ति अपनी बेटी के साथ गाड़ी से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी बेटी ने दोनों छात्राओं को पुल से खड्ड में छलांग लगाते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, दूसरी छात्रा की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *