भोरंज के डाडू में विधायक सुरेश कुमार का ऐलान, 3.50 लाख गरीब परिवारों को मिलेगा 1500 रुपये मासिक सहायता का लाभ

16 नवम्बर: भोरंज के अनुसूचित जनजाति बहुल गांव डाडू में रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव पखवाड़ा कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सुरेश कुमार ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्रस्तावित मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार योजना से हिमाचल प्रदेश के 3.50 लाख से अधिक गरीब परिवार लाभान्वित होंगे।

भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विधायक ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी, आदिवासी नेता और समाज सुधारक का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने देश की आजादी और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना और राजीव गांधी प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उगाई गई फसलों के लिए बेहतर दाम निर्धारित करने और दूध के खरीद मूल्य में वृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वाइल्ड फ्लावर हॉल, जेएसडब्ल्यू जलविद्युत परियोजना, किशाऊ बांध परियोजना और बीबीएमबी से एरियर जैसे मामलों में हिमाचल के हितों की मजबूती से पैरवी की है। इससे प्रदेश के लिए हजारों करोड़ रुपये का राजस्व सुनिश्चित करने में मदद मिली है।

इस दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों और महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा जनजातीय गौरव पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों के प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

इससे पहले खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी ने मुख्य अतिथि और अन्य उपस्थित लोगों का स्वागत किया तथा पखवाड़े के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया।

कार्यक्रम में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *