16 नवम्बर: हमीरपुर के राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू में रविवार को पॉलीटेक्निक कॉलेजों की 28वीं राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें प्रदेश के 15 बहुतकनीकी महाविद्यालयों के लगभग 510 विद्यार्थी बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों में भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के बिना शिक्षा अधूरी है। ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना जैसे गुण विकसित करती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने बहुतकनीकी महाविद्यालयों में शारीरिक शिक्षा और संगीत शिक्षकों के पद भरने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों में वर्तमान जरूरतों के अनुसार नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। उद्यमशीलता और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए विभाग ने 2 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है। विद्यार्थियों की बेहतर इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग और इंटर्नशिप के लिए विभाग में अलग से उपनिदेशक का पद सृजित किया गया है। वहीं, कॉरपोरेट सेक्टर में बेहतर प्लेसमेंट के लिए रोजगार सेतु ऐप विकसित किया गया है, जो उद्योगों और प्रशिक्षित युवाओं को एक मंच प्रदान करेगा।
धर्माणी ने बताया कि विद्यार्थियों को आईटीआई से लेकर बहुतकनीकी महाविद्यालयों और इंजीनियरिंग कॉलेजों तक अपनी तकनीकी योग्यता बढ़ाने के अवसर दिए जाएंगे। इसके अलावा तकनीकी संस्थानों के शिक्षकों को भी अपने करियर को अपग्रेड करने के लिए विशेष सुविधाएं देने पर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में पहली बार विद्यार्थियों के लिए विदेशों के शैक्षणिक भ्रमण की व्यवस्था की है। इसके तहत आईटीआई के 30 विद्यार्थियों को कजाकिस्तान और इंजीनियरिंग के 44 विद्यार्थियों को जापान का भ्रमण करवाया गया है। भविष्य में बहुतकनीकी और फार्मेसी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी चीन और जर्मनी भेजा जाएगा।
इस दौरान उन्होंने बड़ू मैदान में मंच निर्माण और बास्केटबॉल मैदान के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। साथ ही प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से ट्रैक सूट देने की भी घोषणा की।
इससे पहले महाविद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि और प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इस अवसर पर राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती, वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, एसपी बलवीर सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी उपस्थित रहे।