16 नवम्बर: हमीरपुर जिले के न्यायिक परिसरों हमीरपुर, बड़सर, नादौन और भोरंज में 21 नवंबर को चेक बाउंस के मामलों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष लोक अदालतें आयोजित की जाएंगी। इनमें नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि अन्य लंबित मामलों के निपटारे के लिए 12 दिसंबर को भी इन्हीं न्यायिक परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में ऐसे मामलों का निपटारा भी करवाया जा सकता है, जो अभी तक न्यायालय में दायर नहीं हुए हैं।
मामलों का निपटारा करवाने के इच्छुक लोग जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण कार्यालय हमीरपुर या संबंधित न्यायालय में सादे कागज पर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा लोक अदालत से पहले प्री-लोक अदालत बैठक में भी आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निपटारा करवाया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-224399 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) ने न्यायालयों में लंबित मामलों को मध्यस्थता, आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से निपटाने के लिए ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ अभियान भी शुरू किया है। उन्होंने लोगों से इन सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का जल्द निपटारा करवाने की अपील की। इससे समय और धन की बचत के साथ-साथ आपसी संबंधों में भी सौहार्द बना रहेगा।