14 नवम्बर: मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में शनिवार को सीनियर स्टेट फुटबाल चैंपियनशिप का आगाज हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने किया। चैंपियनशिप में प्रदेशभर की 13 टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। इस प्रतियोगिता पर खिलाड़ियों के साथ फुटबाल प्रेमियों की भी विशेष नजरें रहेंगी, क्योंकि इसके समापन के बाद संतोष ट्राफी के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा।
उद्घाटन अवसर पर डीसी अपूर्व देवगन ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं। प्रदेश में फुटबाल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसी प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।
चैंपियनशिप के पहले दिन दो मुकाबले खेले गए। उद्घाटन मैच में कांगड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किन्नौर को 3-1 गोल से पराजित किया। कांगड़ा के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल दिखाते हुए तीन गोल दागे, जबकि किन्नौर की टीम एक ही गोल कर सकी। वहीं, दिन का दूसरा मुकाबला सिरमौर और सोलन के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर संतोष ट्राफी के लिए हिमाचल की टीम चुनी जाएगी। ऐसे में खिलाड़ियों के पास अपनी प्रतिभा साबित कर प्रदेश की टीम में जगह बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उद्घाटन अवसर पर हिमाचल प्रदेश फुटबाल संघ के महासचिव दीपक शर्मा, नंदिता शर्मा, डॉ. चंद्र प्रकाश कौशल, विजय शमशेर भंडारी, नरेंद्र सैनी, जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष लीला विलास, भूपेंद्र, पंकज शर्मा, फुटबाल कोच कमल किशोर, विक्रम बिष्ट, जगदीश राजा और वीरेंद्र सेन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।