14 नवम्बर: बालिका देखभाल संस्थान सुंदरनगर में बाल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सुंदरनगर पूनम चौहान ने की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को बाल दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी और शिक्षा, प्रेम तथा सम्मान के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पूनम चौहान ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में बाल दिवस मनाया जाता है। पंडित नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था, जिसके चलते बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर विकास से ही देश की प्रगति संभव है।
उन्होंने कहा कि बाल दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शिक्षा, अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, प्रेम, सम्मान और उचित मार्गदर्शन मिलना चाहिए, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें। बच्चों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा का महत्व समझने, जीवन में अच्छे लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया। पूनम चौहान ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।