14 नवम्बर, आशीष दमीर : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मटौर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त सहायक अभियंता देशराज शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। समारोह में विद्यार्थियों के अभिभावकों सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान राकेश कुमार, मटौर पंचायत की प्रधान शिवानी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि देशराज शर्मा ने बाल दिवस के अवसर पर अपने पूर्वजों की स्मृति में प्राथमिक पाठशाला मटौर में एक कमरे का निर्माण करवाकर विद्यालय को समर्पित किया। इससे पहले भी वह विद्यालय के जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्वेटर और जूते वितरित कर चुके हैं। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय की प्रगति के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अच्छे संस्कार अपनाने तथा अपने शिक्षकों और अभिभावकों का सम्मान करने की प्रेरणा दी। 


समारोह के दौरान शिक्षा, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), इको क्लब, रोड सेफ्टी, बेस्ट बॉय और बेस्ट गर्ल के पुरस्कार भी प्रदान किए गए। प्राथमिक पाठशाला मटौर के विद्यार्थियों ने भी विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य संदीप शर्मा ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों और अध्यापकों के सामूहिक प्रयासों से विद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है। विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुके विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देकर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व अध्यापक राजीव शर्मा, दीप्ति शर्मा, सुरिंद्र, सोनी और सकीना विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन हिंदी प्रवक्ता डॉ. अदिति गुलाटी, इतिहास प्रवक्ता पवन कुमार और टीजीटी साइंस शिल्पा ने किया। अंत में अर्थशास्त्र प्रवक्ता राजीव चौधरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।