चुराह में एसटीएफ की कार्रवाई, 765 ग्राम चरस के साथ 36 वर्षीय युवक गिरफ्तार

14 नवम्बर: चम्बा जिले की चुराह घाटी में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पैशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 765 ग्राम चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 36 वर्षीय हरि लाल पुत्र दुर्गा निवासी गांव कंडोग, डाकघर जुंगरा, तहसील चुराह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, एसटीएफ नॉर्थ रेंज कांगड़ा (धर्मशाला) की टीम शुक्रवार शाम क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान करीब साढ़े सात बजे टीम तीसा-चम्बा मुख्य मार्ग पर तीसा पुल के समीप मौजूद थी। तभी वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस टीम को देखकर उसने वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 765 ग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एसटीएफ पुलिस स्टेशन नॉर्थ रेंज कांगड़ा (धर्मशाला) में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी एसटीएफ ने तीसा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 9 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद की थी। क्षेत्र में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एसटीएफ ने गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *