शादी से 20 दिन पहले घर में पसरा मातम, जोशीमठ में हमीरपुर के 26 वर्षीय सेना जवान का निधन

14 नवम्बर: हमीरपुर जिले के भोरंज उपमंडल के रुठानी गांव में एक परिवार की शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं और महज 20 दिन बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, लेकिन उत्तराखंड के जोशीमठ से आई एक दुखद खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। भारतीय सेना में तैनात गांव के 26 वर्षीय जवान अक्षय कुमार का ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवान की मौत का कारण हृदयाघात होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार की शादी आगामी 3 दिसंबर को तय हुई थी। घर में विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। परिजन बेटे के छुट्टी पर घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन शादी से ठीक 20 दिन पहले उनके निधन की खबर पहुंच गई।

अक्षय कुमार अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। वह करीब चार साल पहले 16 दिसंबर 2020 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। महज 26 वर्ष की उम्र में जवान के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे को दूल्हा बनते देखने का सपना संजोए माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में विवाह के मंगल गीत गूंजने थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जवान के असामयिक निधन से रुठानी गांव सहित पूरे भोरंज क्षेत्र में शोक की लहर है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *