12 नवम्बर: जोल सप्पड़ स्थित डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज (आरकेजीएमसी) के नए परिसर तक पहुंचना अब आसान होगा। यहां एचआरटीसी की दो इलेक्ट्रिक बस सेवाएं वीरवार से शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने हमीरपुर बस स्टैंड से दोनों बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों से मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों के साथ-साथ आम लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जोल सप्पड़ में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थापित करके न केवल हमीरपुर जिला, बल्कि पूरे प्रदेश को बड़ी सौगात दी है। इस परिसर में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के साथ अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, डेंटल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, कैंसर केयर संस्थान और मातृ-शिशु अस्पताल की भी व्यवस्था की गई है। आने वाले समय में यह संस्थान उत्तर भारत के प्रमुख चिकित्सा एवं मेडिकल शिक्षा केंद्रों में अपनी पहचान बनाएगा।
उन्होंने बताया कि नई इलेक्ट्रिक बसें प्रतिदिन सुबह 8:30 और 8:35 बजे हमीरपुर बस स्टैंड से रवाना होंगी और करीब 9 बजे जोल सप्पड़ पहुंचेंगी। यहां से बसें रंगस चौक तक भी जाएंगी। वापसी में दोनों बसें शाम 4 और 4:05 बजे जोल सप्पड़ से चलेंगी तथा करीब 4:30 बजे हमीरपुर पहुंचेंगी। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के खोखाधारकों के पुनर्वास की व्यवस्था करके उन्हें बड़ी राहत दी है। पिछली सरकार के कार्यकाल में इनकी दुकानों को हटाया गया था, जबकि वर्तमान सरकार ने इनके पुनर्वास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि हमीरपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा तैयार होने जा रहा है। इसके साथ ही पुराने बस अड्डे की जगह सिटी सेंटर का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। इस परियोजना से प्रभावित होने वाले दुकानदारों और खोखाधारकों के पुनर्वास के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, पूर्व पार्षद राजेश चौधरी, राकेश वर्मा, आरसी डोगरा, राजेश आनंद, ज्योति खन्ना, शहनशाह, पुरुषोत्तम कालिया, मनोज शर्मा, निशांत शर्मा, राजू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।