10 नवम्बर: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायक मलेन्द्र राजन ने आज वन विश्राम गृह इंदौरा में ग्राम पंचायत चलोह, मंगवाल, मलकाना और घंडरां के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और भविष्य की विकास आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों से विधायक को अवगत करवाया। विधायक ने संबंधित पंचायतों में चल रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया।
मलेन्द्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की प्राथमिकता हर पंचायत, गांव और मोहल्ले तक विकास पहुंचाना तथा लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्रों में पात्र लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
विधायक ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण इकाई हैं और पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं एवं जरूरतों की वास्तविक जानकारी मिलती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बैठक में उठाए गए मुद्दों और प्राप्त सुझावों को संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विकास कार्यों की समीक्षा और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, ताकि स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।