शिमला के सतलुज में विकसित होगी नई रिवर राफ्टिंग साइट, मायापुरी से लुहरी तक 4 किलोमीटर का स्ट्रेच उपयुक्त

10 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सतलुज नदी में रिवर राफ्टिंग की नई साइट विकसित करने की दिशा में पहल की गई है। पर्यटन विभाग की ओर से 6 नवंबर को किए गए निरीक्षण और परीक्षण में शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र में सैंज के पास मायापुरी से लुहरी तक करीब 4 किलोमीटर लंबे नदी के हिस्से को रिवर राफ्टिंग के लिए उपयुक्त पाया गया है। इस नई साइट के विकसित होने से शिमला जिले में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी शिमला जगदीश शर्मा ने बताया कि सतलुज नदी का यह नया राफ्टिंग स्ट्रेच क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार और विविधीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। परीक्षण के दौरान गठित समिति ने इस हिस्से को रिवर राफ्टिंग के संचालन के लिए उपयुक्त पाया। निरीक्षण में अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के निदेशक अविनाश नेगी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी शिमला और संबंधित तकनीकी विशेषज्ञ शामिल रहे।

गौरतलब है कि सतलुज नदी में पहले से ही चाबा से तत्तापानी तक रिवर राफ्टिंग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अब मायापुरी से लुहरी तक एक और साइट विकसित होने से पर्यटकों को राफ्टिंग का नया अनुभव मिलेगा। इससे शिमला जिले में साहसिक पर्यटन का दायरा बढ़ने के साथ ही पर्यटन के नए विकल्प भी उपलब्ध होंगे।

जगदीश शर्मा के अनुसार वर्तमान में इस क्षेत्र में रिवर राफ्टिंग गतिविधियों के संचालन के लिए चार ऑपरेटर पंजीकृत हैं। नई साइट शुरू होने से पर्यटन कारोबार, होटल और आतिथ्य सेवाओं को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सतलुज नदी में रिवर राफ्टिंग की नई संभावनाओं का विकास शिमला जिले की प्राकृतिक एवं भौगोलिक विशेषताओं को पर्यटन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे शिमला आने वाले पर्यटकों को पारंपरिक पर्यटन स्थलों के अलावा साहसिक गतिविधियों का विकल्प मिलेगा और क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिल सकती है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *