10 नवम्बर: जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय शिमला की ओर से 15 नवंबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे कालीबाड़ी मंदिर, द मॉल शिमला में होगा। इसमें युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उत्सव के माध्यम से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों का चयन भी किया जाएगा।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी राकेश धौता ने बताया कि यह आयोजन विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 और राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 के तहत किया जा रहा है। युवा उत्सव में सांस्कृतिक श्रेणी की पांच प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और कविता लेखन शामिल हैं।
लोक नृत्य और लोक गीत प्रतियोगिताओं में अधिकतम 10 प्रतिभागियों का समूह हिस्सा ले सकेगा। प्रस्तुति के लिए 5 से 8 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। लोक नृत्य भारतीय लोक शैली पर आधारित होना चाहिए, जबकि लोक गीत किसी भी क्षेत्रीय भाषा में प्रस्तुत किया जा सकता है। इन प्रतियोगिताओं में पहले से रिकॉर्ड किए गए संगीत और गीतों के मेडले की अनुमति नहीं होगी।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को A3 आकार के कागज पर चित्र बनाने के लिए अधिकतम छह घंटे का समय मिलेगा। इसके लिए पेंसिल कलर, एक्रिलिक, वाटर कलर और क्रेयॉन जैसे माध्यमों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। चित्र के साथ 20 से 30 शब्दों में उसका संक्षिप्त विवरण देना भी अनिवार्य होगा। नुक्कड़ नाटक में अधिकतम 10 प्रतिभागियों का समूह सात मिनट तक प्रस्तुति दे सकेगा, जबकि कविता लेखन के लिए 90 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। कविता हिंदी या अंग्रेजी में लिखी जा सकती है।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए युवाओं की आयु 17 अगस्त 2026 तक 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रत्येक प्रतिभागी सांस्कृतिक श्रेणी की केवल एक प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेगा। पिछले वर्ष सांस्कृतिक श्रेणी में भाग ले चुके युवा इस वर्ष VBYLD-2027 के तहत इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवाओं के लिए MY Bharat पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। प्रतियोगिता के दिन प्रतिभागियों को जन्मतिथि के सत्यापन के लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य मूल पहचान पत्र के साथ उसकी छायाप्रति लानी होगी। प्रतिभागियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, अभिव्यक्ति और निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन के आधार पर किया जाएगा।
जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहां से चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 में अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी रहेगी।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ने शिक्षण संस्थानों, युवा मंडलों और इच्छुक युवाओं से उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल पर सुबह 9:30 बजे रिपोर्ट करना होगा। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को आने-जाने का यात्रा भत्ता (TA/DA) नहीं दिया जाएगा।
प्रतियोगिता और पंजीकरण संबंधी अधिक जानकारी के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय शिमला के दूरभाष नंबर 0177-2803981 पर संपर्क किया जा सकता है।