बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर हमीरपुर के चार स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, कानूनों की दी जानकारी

30 अक्तूबर: बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को हमीरपुर जिले के चार स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ये कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) के ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत आयोजित किए गए। 26 से 31 अक्तूबर तक चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत हमीरपुर पब्लिक स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू, न्यू गुरुकुल स्कूल गोपालनगर और डीएवी स्कूल सलासी में विद्यार्थियों को बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनों और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।

हमीरपुर पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सचिन रघु ने की। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए किशोर न्याय अधिनियम में कड़े प्रावधान किए गए हैं। इसी तरह यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम-2012 के माध्यम से भी बच्चों को सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती बन रहे हैं, इसलिए बच्चों को इनके प्रति जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराध से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। हमीरपुर थाना प्रभारी कुलवंत सिंह और अधिवक्ता सिद्धार्थ कौशल ने भी विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां प्रदान कीं।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि आम लोगों को न्याय सुलभ करवाने के लिए नालसा की ओर से विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें मुफ्त कानूनी सहायता योजना प्रमुख है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगों, आपदा और अत्याचार पीड़ितों, श्रमिकों, किन्नरों, कैदियों तथा तीन लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले लोग मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त करने के पात्र हैं। पात्र व्यक्ति किसी भी न्यायालय परिसर में स्थापित फ्रंट ऑफिस में आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा नालसा के हेल्पलाइन नंबर 15100, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01972-224399 और ईमेल के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर पुलिस चौकी जाहू के प्रभारी अजय कुमार और जिला बाल कल्याण समिति की सदस्य डॉ. संगीता शर्मा ने भी विद्यार्थियों को कानूनी जानकारियां दीं।

न्यू गुरुकुल स्कूल गोपालनगर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रवि कुमार ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और उनसे संबंधित विभिन्न कानूनों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद और जिला बाल संरक्षण इकाई की सदस्य शबनम ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया।

वहीं, डीएवी स्कूल सलासी में न्यायिक दंडाधिकारी विशाल ठाकुर, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और पैनल अधिवक्ता अलका रानी ने विद्यार्थियों को बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा और विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *