21 अक्तूबर, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के टूर एंड ट्रैवल मैनेजमेंट विभाग की ओर से 17 से 19 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय शैक्षणिक दौरे का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बरोट, राजगुंधा, बिलिंग और बीड़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया तथा ग्रामीण, कृषि और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
शैक्षणिक दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय समुदायों के साथ संवाद कर ट्राउट मछली पालन, कैंपिंग, पर्यटन प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां प्राप्त कीं। विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कटोच ने विद्यार्थियों को सतत पर्यटन के महत्व, पर्यटन स्थलों की वहन क्षमता और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया। उन्होंने स्थानीय पर्यटन हितधारकों के साथ संवाद के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। 
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने इस शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। इससे विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों को समझने और भविष्य में बेहतर करियर के अवसर तलाशने में मदद मिलती है।