8 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से संचालित 14 कल्याणकारी योजनाओं की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो रही है। इन योजनाओं और श्रम कल्याण मॉडल का अध्ययन करने के लिए श्रीलंका और नेपाल का 33 सदस्यीय संयुक्त शिष्टमंडल इन दिनों हिमाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर है।
दौरे के दूसरे दिन शिष्टमंडल ने नादौन स्थित धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना स्थल का दौरा किया और वहां कामगारों से संवाद कर कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी एवं फीडबैक लिया। इसके बाद हमीरपुर बाईपास स्थित कुमार पैलेस में कामगार कल्याण बोर्ड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, सचिव एवं सीईओ अनुपम डढवाल और अन्य अधिकारियों ने शिष्टमंडल का स्वागत किया।
नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि बोर्ड की 14 कल्याणकारी योजनाएं प्रदेश के श्रमिकों, उनके बच्चों और परिवारों के लिए आर्थिक सहारा बन रही हैं। इन योजनाओं के तहत मकान निर्माण, चिकित्सा सहायता, बच्चे के जन्म, शिक्षा, विवाह, पेंशन, दिव्यांगता पेंशन और श्रमिक की मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सहायता सहित विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में बोर्ड ने करीब 45 हजार श्रमिकों को 107 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय लाभ प्रदान किए हैं। वहीं, करीब 15 हजार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए लगभग 40 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। निराश्रित महिलाओं को मकान निर्माण के लिए भी आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार बोर्ड की कोशिश है कि सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी प्रभावी मॉडल के कारण हिमाचल की श्रम कल्याण योजनाओं को देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीलंका और नेपाल के प्रतिनिधियों ने बोर्ड की विभिन्न योजनाओं में विशेष रुचि दिखाई और इन्हें अपने देशों के श्रम कल्याण कार्यक्रमों में शामिल करने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बोर्ड की पारदर्शी कार्यप्रणाली और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था की भी सराहना की।
इस अवसर पर इंटक नेता संजय सैणी, प्रेरणा, अन्य नेता, श्रीलंका के प्रतिनिधि विजया हेत्तीआरछी सहित शिष्टमंडल के सदस्यों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के बाद शिष्टमंडल ने हमीरपुर स्थित कामगार कल्याण बोर्ड के मुख्यालय का दौरा कर बोर्ड की कार्यप्रणाली और योजनाओं के संचालन की जानकारी ली।