हमीरपुर में रैडक्रॉस से जुड़ें अधिक से अधिक लोग, जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं: गंधर्वा राठौड़

8 अक्तूबर: उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने अधिक से अधिक लोगों से रैडक्रॉस सोसाइटी से जुड़ने की अपील की है। बुधवार को सोसाइटी के पदाधिकारियों, संरक्षकों और आजीवन सदस्यों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने सोसाइटी की गतिविधियों के विस्तार और नए सदस्यों को जोड़ने को लेकर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि रैडक्रॉस सोसाइटी असहाय, गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए लगातार कार्य कर रही है। वर्तमान में जिले में 749 लोग सोसाइटी से जुड़े हैं, जिनमें 730 आजीवन सदस्य और 19 संरक्षक शामिल हैं। जिले के सभी उपमंडलों में रैडक्रॉस की इकाइयां गठित की गई हैं। स्कूलों और कॉलेजों में यूथ रैडक्रॉस तथा जूनियर रैडक्रॉस इकाइयां भी बनाई जा रही हैं। जिले के 56 स्कूलों की जूनियर रैडक्रॉस इकाइयों में 3,278 विद्यार्थी जुड़े हैं, जिनके माध्यम से नशा विरोधी जागरूकता रैलियां भी आयोजित की जा रही हैं।

उपायुक्त ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान जिला रैडक्रॉस सोसाइटी ने 60 जरूरतमंद लोगों को करीब 7.30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में संचालित सोसाइटी की लैब में आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं, जहां विभिन्न प्रकार के टेस्ट कम दरों पर किए जा रहे हैं। सोसाइटी 15 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध करवा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में जिलेभर में 10 रक्तदान शिविर आयोजित कर करीब 395 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इसके अलावा पांच मेडिकल कैंपों के माध्यम से सैकड़ों लोगों को लाभ पहुंचाया गया। दिव्यांगजनों और झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए भी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। टीबी मुक्त अभियान के तहत सोसाइटी ने 10 मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण किट उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी भी उठाई है।

रैडक्रॉस सोसाइटी की ओर से सफाई और पौधारोपण अभियान भी चलाए गए हैं। घरों में बिना उपयोग के पड़े कपड़ों को एकत्रित कर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की पहल भी की गई है। उपायुक्त ने सोसाइटी की गतिविधियों के विस्तार के लिए आजीवन सदस्यों और संरक्षकों से सुझाव आमंत्रित किए।

बैठक में एडीसी एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अभिषेक गर्ग, एसडीएम संजीत सिंह, सोसाइटी के सचिव लवकेश शर्मा सहित कई आजीवन सदस्यों और संरक्षकों ने भी अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर आजीवन सदस्य शंभू राम जसवाल ने अपने बेटे और बहू के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सोसाइटी को 5,100 रुपये का अंशदान दिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *