7 अक्तूबर: उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को विकास खंड भोरंज की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने पंचायत जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों के संबंध में फीडबैक भी लिया।
उपायुक्त ने ग्राम पंचायत धीरड़ में पौधारोपण स्थल सहित अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत कक्कड़ में उन्होंने मनरेगा के तहत निर्मित क्रेट वॉल, बावड़ी के जीर्णोद्धार, महिला मंडल भवन और अन्य कार्यों की स्थिति जांची। इसके अलावा ग्राम पंचायत जाहू में खेल मैदान, संपर्क मार्ग को पक्का करने तथा अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अन्य पंचायतों में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली।
गंधर्वा राठौड़ ने अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और पंचायत जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन तथा पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की नवीनतम स्थिति से अवगत करवाया।