7 अक्तूबर: नगर निगम हमीरपुर की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत मंगलवार को स्वच्छता, स्वास्थ्य और कचरा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। नगर निगम के सफाई सेवकों के लिए टाउन हॉल में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफाई कार्य से जुड़े 130 कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी।
एम्स पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए ठोस कचरे के पृथक्करण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी करवाई गई। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को गीले, सूखे और अन्य प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को नगर निगम हमीरपुर के कचरा प्रसंस्करण संयंत्र का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस दौरान उन्हें कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक प्रबंधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता और कचरा पृथक्करण का संदेश अपने घरों, पड़ोसियों और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने हमीरपुर शहर के नागरिकों से अपने घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को सौंपने की अपील की। साथ ही उन्होंने लोगों से आसपास स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने और नगर निगम के स्वच्छता प्रयासों में सहयोग करने का आग्रह किया।