एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में नड्डा बोले, दो-तीन साल में बड़े एम्स से प्रतिस्पर्धा करेगा संस्थान

6 अक्तूबर : एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं राज्यसभा सांसद जगत प्रकाश नड्डा ने संस्थान की तेज प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में एम्स बिलासपुर ने जिस गति से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया है, वह उत्साहजनक है।

नड्डा ने कहा कि पिछले करीब चार वर्षों में एम्स बिलासपुर की ओपीडी में 12 लाख से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है, जबकि एक लाख से अधिक मरीज आईपीडी में भर्ती हुए हैं। यह संस्थान में तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य सेवाओं को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान को पूरी तरह स्थापित होने में वर्षों का समय लगता है। एम्स जैसे संस्थान में बुनियादी ढांचे के साथ फैकल्टी और विशेषज्ञ सेवाओं को मजबूत करने में भी समय लगता है। इसके बावजूद एम्स बिलासपुर के चिकित्सकों, फैकल्टी और कर्मचारियों ने जिस तेजी से काम किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दो से तीन वर्षों में एम्स बिलासपुर देश के बड़े एम्स संस्थानों के साथ प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता हासिल कर लेगा।

दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि प्राथमिक और स्कूली शिक्षा को अधिकार माना जा सकता है, लेकिन व्यावसायिक शिक्षा एक विशेषाधिकार है। इस मुकाम तक पहुंचने में समाज और देश का भी योगदान रहता है। इसलिए चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज और मानवता की सेवा के लिए करें।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। वर्ष 2025 में केंद्र सरकार ने एमबीबीएस और पीजी सीटों के विस्तार के लिए बड़े स्तर पर धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, जिससे देश में चिकित्सा शिक्षा और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता को और मजबूत किया जा सके।

नड्डा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि एम्स बिलासपुर से निकलने वाले चिकित्सक केवल अपने पेशे तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझें। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का विश्वास जताया। इस अवसर पर उन्होंने प्रथम दीक्षांत समारोह के लिए सभी विद्यार्थियों, फैकल्टी और एम्स बिलासपुर परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *