शाहपुर के धारकंडी की बेटी हिमानी शर्मा का BCCI अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन

5 अक्तूबर, तरसेम जरयाल : धारकंडी क्षेत्र की होनहार बेटी हिमानी शर्मा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हिमानी शर्मा का भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से धारकंडी सहित पूरे शाहपुर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

हिमानी शर्मा ग्राम पंचायत दरिणी के पूर्व प्रधान राजेंद्र कुमार शर्मा की बेटी हैं। क्रिकेट के प्रति बचपन से लगाव और लगातार मेहनत के चलते उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। इससे पहले हिमानी हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। अब BCCI की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन उनके क्रिकेट सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

बेटी के चयन पर पिता राजेंद्र कुमार शर्मा ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हिमानी की मेहनत और लगन ने परिवार के साथ-साथ पूरे धारकंडी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बेटी की इस उपलब्धि पर उन्हें बेहद गर्व है। उन्होंने हिमानी की सफलता का श्रेय उसके निरंतर अभ्यास, अनुशासन और क्रिकेट के प्रति समर्पण को दिया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिमानी की इस उपलब्धि को क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची हिमानी ने साबित किया है कि मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।

हिमानी शर्मा के BCCI अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *