1 अक्तूबर: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के अभियान के तहत अगले तीन दिनों में रोहड़ू और रामपुर के दुर्गम गांवों में रात्रि प्रवास करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ स्थानीय लोगों से संवाद भी करेंगे।
मुख्यमंत्री गुरुवार को रोहड़ू रवाना होंगे। यहां रोहड़ू स्कूल में विद्यार्थियों के साथ संवाद करने के बाद वह एंटी-चिट्टा रैली में शामिल होंगे। रैली के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया जाएगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत संदासू में आमजन, महिला मंडलों और युवक मंडलों के साथ जनसंवाद करेंगे। ग्राम पंचायत दिऊदी-मायला के गांव भटवाड़ी में ग्रामीणों के साथ संवाद के बाद मुख्यमंत्री रात्रि प्रवास करेंगे। अगले दिन भटवाड़ी में लाल बहादुर शास्त्री जयंती कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
दो अक्तूबर को मुख्यमंत्री रोहड़ू से हेलिकॉप्टर के माध्यम से रामपुर जाएंगे। इसी दिन शाम को वह रामपुर के काशापाट पहुंचेंगे और पाट गांव में रात्रि प्रवास करेंगे। तीन अक्तूबर को रामपुर में एंटी-चिट्टा रैली को रवाना करने के बाद मुख्यमंत्री शाम को शिमला लौट आएंगे।