29 सितंबर: बागवानी, राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोमवार को द्रंग विधानसभा क्षेत्र की बरोट घाटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एचपी शिवा परियोजना के तहत चल रहे बागवानी विकास कार्यों का निरीक्षण किया। मंत्री ने धमच्याण क्लस्टर में जापानी फल (पर्सिमोन) की फ्यूयू किस्म के लगाए गए 19,280 पौधों और संबंधित अधोसंरचना का जायजा लिया।
उन्होंने भूमि सुधार, सौर ऊर्जा बाड़बंदी और सूक्ष्म सिंचाई व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को ड्रिप सिंचाई से संबंधित शेष कार्य आगामी दो माह में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि बागवानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बरोट क्षेत्र में एचपी शिवा परियोजना के तहत 75 हेक्टेयर भूमि को शामिल कर पांच क्लस्टर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत हिमाचल प्रदेश को करीब 1200 करोड़ रुपये की सहायता मिली है और 6,000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में बागवानी विकास का कार्य किया जा रहा है। लीची, अमरूद और अनार सहित विभिन्न उच्च मूल्य वाली फसलों को भी परियोजना के माध्यम से बढ़ावा दिया जा रहा है।
मंत्री ने स्थानीय बागवानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में पर्सिमोन की उन्नत खेती, वैज्ञानिक बाग प्रबंधन, प्रूनिंग तथा रोग एवं कीट नियंत्रण की जानकारी देने को कहा गया, ताकि बागवान बेहतर गुणवत्ता वाली फसल का उत्पादन कर सकें।
उन्होंने वन अधिकार अधिनियम से जुड़े विषयों की जानकारी देने के साथ ही कामगार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं का पात्र लोगों को लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सहयोग देने की अपील भी की।
इस दौरान जगत सिंह नेगी ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सीबीएसई स्कूल थल्टूखोड़ की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। जोगिंदरनगर से थल्टूखोड़-बरोट चलने वाली बस सेवा भी जल्द बहाल की जाएगी। उन्होंने महिला मंडल धमच्याण-1, महिला मंडल धमच्याण-2 और बड़ी वजगाहण महिला मंडल को 15-15 हजार रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा, अपनी भूमि का टेलावांड (भूमि तैयार करने की प्रक्रिया) करने वाले बागवानों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की बात कही।
मंत्री ने अधिकारियों को एचपी शिवा परियोजना के कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपनिदेशक बागवानी संजय गुप्ता ने बरोट क्षेत्र में परियोजना के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद सदस्य रोशन लाल, एसडीएम पधर सुरजीत सिंह, परियोजना निदेशक समीर राणा, खंड विकास अधिकारी पधर विनय चौहान, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग राकेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विनायक कश्यप सहित बागवानी विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के प्रगतिशील बागवान मौजूद रहे।