25 सितम्बर: एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने और समाज में फैली भ्रांतियों व भेदभाव को दूर करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसायटी के कलाकारों ने ग्राम पंचायत चढ़ी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक और लोकगीतों के माध्यम से लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, संक्रमण के कारणों तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी दी। नुक्कड़ नाटक के जरिए कलाकारों ने सरल एवं मनोरंजक तरीके से बताया कि एचआईवी किस प्रकार फैलता है और इससे बचाव के लिए किन सावधानियों को अपनाना जरूरी है।
लोकगीतों के माध्यम से भी स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संदेश स्थानीय भाषा और लोक संस्कृति के जरिए लोगों तक पहुंचाया गया। कलाकारों ने विशेष रूप से एचआईवी संक्रमित लोगों के साथ भेदभाव न करने का संदेश दिया।
हिमाचल प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसायटी की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे एचआईवी/एड्स से संबंधित सही जानकारी प्राप्त करें, आवश्यक सावधानियां बरतें और भ्रांतियों पर विश्वास न करें। उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।