25 सितम्बर, नरेश मलोटिया : राजकीय उच्च विद्यालय बूणी के विद्यार्थियों भावना राणा और आदित्य ठाकुर ने नादौन खंड स्तरीय गणित प्रतिभा प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। दोनों विद्यार्थियों ने टीजीटी नॉन मेडिकल राजेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया।
विद्यालय के संस्कृत अध्यापक नरेश कुमार ने बताया कि गत दिवस आयोजित नादौन खंड स्तरीय गणित एवं वर्तनी प्रतिभा प्रतियोगिता में खंड के 22 विद्यालयों ने भाग लिया। गणित प्रतिभा प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय बूणी के भावना राणा और आदित्य ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय पहुंचने पर मुख्य अध्यापक बशीर मोहम्मद ने दोनों विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षक राजेश कुमार शर्मा का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि मेहनत, नियमित अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
मुख्य अध्यापक ने विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भागीदारी विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यालय परिवार ने भावना राणा और आदित्य ठाकुर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।