25 सितम्बर , कविता शान्ति गौतम : बद्दी क्षेत्र में बस द्वारा कार को टक्कर मारने के बाद बस चालक पर कार मालिक के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगा है। मामले को लेकर यमुनानगर (हरियाणा) निवासी अनुराग भारद्वाज ने बद्दी थाना के एसएचओ को लिखित शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह 25 सितंबर की सुबह कार नंबर एचआर02एआर 9805 से अपने कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान एचपी 0एसए 0261 नंबर की बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी। आरोप है कि हादसे के बाद बस चालक मौके से आगे निकल गया।
अनुराग भारद्वाज के मुताबिक, उन्होंने बस का पीछा कर उसे बस स्टैंड के पास रुकवाया। आरोप है कि इस दौरान बस चालक बस से नीचे उतरा और उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि डर के कारण वह वहां से हट गए।
उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एसएचओ डॉ. शिव प्रकाश कनिहाल ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।