24 सितंबर: एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने और समाज में फैली भ्रांतियों व भेदभाव को दूर करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसायटी के कलाकारों ने ग्राम पंचायत मंझग्रां और ग्राम पंचायत रहेलू में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक और लोकगीतों के माध्यम से लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, संक्रमण के कारणों तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी दी। नुक्कड़ नाटक के जरिए कलाकारों ने सरल एवं मनोरंजक तरीके से समझाया कि एचआईवी किस प्रकार फैलता है और इससे बचने के लिए किन सावधानियों को अपनाना जरूरी है। वहीं, लोकगीतों के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संदेश स्थानीय भाषा और लोक संस्कृति के जरिए लोगों तक पहुंचाया गया।
कलाकारों ने विशेष रूप से लोगों को संदेश दिया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। सही जानकारी, जागरूकता और समय पर उपचार के माध्यम से एचआईवी के प्रभाव को नियंत्रित किया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसायटी की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे एचआईवी/एड्स से संबंधित सही जानकारी हासिल करें, आवश्यक सावधानियां बरतें और किसी भी तरह की भ्रांतियों पर विश्वास न करें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की और जागरूकता संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।