24 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। चाटोग-सिंखुरी सड़क पर तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतक बच्ची की पहचान दिव्यांशी (3) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मीरा उर्फ शकुंतला अपनी पोती को आंगनबाड़ी से लेकर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही सफेद पिकअप (HP 63A-4318) ने दोनों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए चियोग ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।