24 सितंबर: आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच का सामना कर रहे धर्मशाला के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा बुधवार को दूसरी बार विजिलेंस थाने पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे से शाम छह बजे तक उनसे करीब पांच घंटे पूछताछ हुई। इस दौरान विजिलेंस टीम ने उनकी जमीनों, संपत्तियों और बैंक खातों से संबंधित जानकारी हासिल की।
सुधीर शर्मा ने जांच में सहयोग करते हुए अपनी संपत्तियों से जुड़े कई दस्तावेज विजिलेंस अधिकारियों को सौंपे। अधिकारियों ने उनकी आय और संपत्ति के बीच अंतर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी सवाल किए। अब सौंपे गए दस्तावेजों और अन्य जानकारी की जांच की जा रही है।
इससे पहले 18 अगस्त को भी सुधीर शर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उस दौरान उनके समर्थकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही थी। बुधवार को दूसरी बार हुई पूछताछ शांत माहौल में हुई। पूछताछ के बाद बाहर आए सुधीर शर्मा ने विजिलेंस की कार्रवाई को सरकार के दबाव में किया जा रहा राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया। मामले में उन्हें आगे भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।