23 सितम्बर: जिला परिषद सभागार मंडी में मंगलवार को विधायक क्षेत्र विकास निधि, राज्य विकास योजना, विशेष विकास निधि और सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना सहित ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अपूर्व देवगन ने की।
बैठक में जिले के सभी 14 विकास खंडों में चल रहे विकास कार्यों की योजनावार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2024 से सितंबर 2026 तक ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से जिले में करीब 50 करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनमें से 27.50 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर 2555 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जबकि करीब 17 करोड़ रुपये की 1492 योजनाओं पर कार्य जारी है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के जिला विकास अधिकारी जी.सी. पाठक, जिला योजना अधिकारी जवाहर सिंह सहित सभी विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।