हमीरपुर में नशे के संदिग्ध मामलों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश, डीसी गंधर्वा राठौड़ ने अधिकारियों को दिए निर्देश

23 सितंबर: नशे की समस्या से निपटने के लिए गठित जिला स्तरीय नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) की बैठक मंगलवार को उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे की समस्या और इसकी रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने पुलिस, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, शिक्षा सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। शिक्षण संस्थानों, इनके आसपास के क्षेत्रों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि संदिग्ध मामलों में सैंपलिंग और टेस्टिंग के लिए जिले में अतिरिक्त टेस्टिंग किट उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने नशा निवारण केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक प्रबंधों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में योग, ध्यान और प्राणायाम के सत्र आयोजित करने के लिए सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का सहयोग लिया जा सकता है।

बैठक में एसपी बलवीर सिंह ने जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों का ब्यौरा प्रस्तुत किया और पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। बैठक में एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा, एसडीएम नादौन निशांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कई अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *