19 सितंबर: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की करीब 150 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न उठाऊ सिंचाई, पेयजल और सीवरेज योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और नगरोटा बगवां से बड़ोह तक बस में यात्रा भी की। इस दौरान हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर. एस. बाली भी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ने बलधर और सिंहुंड में 6.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बलधर एवं सिंहुंड चरण-एक तथा सिंहुंड चरण-दो उठाऊ सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से 135 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसके बाद पठियार में एनडीबी के तहत 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मस्सल पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से आठ पंचायतों के 40 गांवों की 20 हजार से अधिक आबादी लाभान्वित होगी। योजना के तहत 133 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है।
कीरचंबा में उन्होंने ग्राम पंचायत ठारू, कबाड़ी, हटवास, कीरचंबा और सुनेहड़ के लिए 76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सीवरेज योजना का शिलान्यास किया। इसके बाद नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
बड़ोह में उप मुख्यमंत्री ने एडीबी के तहत पुरानी पेयजल योजनाओं मालनू, नेरा ठम्बा, बड़ोह, बुस्सल-2 और टोरू के सुधार एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस कार्य पर 35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे पूरा करने की समय-सीमा 30 नवंबर निर्धारित की गई है।
बलधर, सिंहुंड, पठियार, कीरचंबा, नगरोटा बगवां और बड़ोह में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है। पेयजल, सिंचाई और सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाएं आम लोगों के जीवन से सीधे जुड़ी हैं और इनके आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र को स्वर्गीय जी. एस. बाली ने विकास के क्षेत्र में विशेष पहचान दिलाई। उन्होंने क्षेत्र में कई विकास परियोजनाएं शुरू कीं। मुकेश अग्निहोत्री ने विधायक आर. एस. बाली की सराहना करते हुए कहा कि वह अपने पिता की विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं और विकास के एजेंडे को आगे ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला प्रदेश का बड़ा जिला है और आने वाले समय में आर. एस. बाली की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम में चालकों और परिचालकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी प्रदेश के लोगों की जीवनरेखा है और निगम को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 500 पुरानी बसों को निगम से हटाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में एचआरटीसी के लिए नई बसें नहीं खरीदी गईं, जिसके कारण निगम में बसों की कमी हुई। उन्होंने कहा कि 297 इलेक्ट्रिक बसों को एचआरटीसी में शामिल करने के बाद लंबे रूटों के लिए 200 डीजल बसें खरीदी जाएंगी। इसके अलावा 1,000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की भी योजना है।
नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर. एस. बाली ने विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया।
इस अवसर पर एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र काकू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मान सिंह, बीडीसी अध्यक्ष रेणु बाला, बीडीसी उपाध्यक्ष सुदेश पराशर, ग्राम पंचायत बड़ोह की प्रधान ममता देवी, ग्राम पंचायत बुस्सल के प्रधान प्रीतम चंद, ग्राम पंचायत बड़ग्रां के प्रधान डॉ. मदन लाल, मुख्य अभियंता आईपीएच दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता आईपीएच विशाल जसवाल, मुख्य अभियंता एडीबी हेमंत तंवर, अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा तथा एचआरटीसी के डिवीजनल मैनेजर पंकज चड्ढा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।