18 सितंबर, कविता शान्ति गौतम : बीबीएन के बालीयाना स्थित माउंटेन वैली पब्लिक स्कूल में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 पौधे लगाए गए। यह पौधारोपण स्वास्तिक गौतम द्वारा शुरू किए गए ‘1100 ट्री प्लांटेशन मिशन’ के तहत किया गया।
स्वास्तिक गौतम ने पूरे बीबीएन क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से 1100 पौधे लगाने का संकल्प लिया है। इसी अभियान के तहत उन्होंने माउंटेन वैली पब्लिक स्कूल परिसर में 21 पौधों का रोपण किया। उन्होंने कहा कि ‘1100 ट्री प्लांटेशन मिशन’ का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
विद्यालय के एमडी विनोद वर्मा ने इस पर्यावरणीय पहल की सराहना करते हुए स्वास्तिक गौतम के प्रयासों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों और स्टाफ ने भी पौधारोपण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से सभी को ‘हरित भविष्य के लिए आज पौधे लगाएं’ का संदेश दिया गया।