एचपी फ्यूचर्स दल ने पीएम श्री उत्कृष्ट विद्यालय नादौन का किया निरीक्षण

17 सितंबर, नरेश मलोटिया : पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में एचपी फ्यूचर्स की टीम ने दौरा कर शिक्षक प्रशिक्षण के प्रभाव और कक्षा-कक्ष में अपनाई जा रही शिक्षण पद्धतियों का जायजा लिया।

यूनेस्को की अंतरराष्ट्रीय सलाहकार डॉ. एस्थर केयर, वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक नीतू बर्तवाल, एचपी फ्यूचर्स की राज्य समन्वयक शिवानी प्रशार, संचार विभाग से प्रियंका तथा शिक्षा मित्र, हमीरपुर के कुलवंत सिंह ने विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान दक्षता आधारित और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धति के क्रियान्वयन को देखा गया।

दल ने गणित में अनु बाला, विज्ञान में संजीव कुमार, सामाजिक विज्ञान में तारा देवी और अंग्रेजी में अनीता रानी की कक्षाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, प्रश्न पूछने, तर्क प्रस्तुत करने, गतिविधि आधारित शिक्षण और आधुनिक कौशलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू करने पर टीम ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने एचपी फ्यूचर्स दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण और निरीक्षण शिक्षकों को नवीन एवं प्रभावी शिक्षण तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि दक्षता आधारित एवं विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा से विद्यार्थियों में सीखने, चिंतन, तर्क, समस्या समाधान और अपने विचार प्रभावी ढंग से व्यक्त करने की क्षमता विकसित होती है। विद्यालय के शिक्षक प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को कक्षा-कक्ष में लागू करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *