17 सितम्बर: नागरिक चिकित्सालय करसोग में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने और निर्माण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से एसडीएम अलीशा चौहान ने अस्पताल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल चौहान और लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अजय राज गुप्ता भी मौजूद रहे।
एसडीएम ने अस्पताल परिसर में चल रहे और प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा उनकी प्रगति और आवश्यकताओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन गंभीर कुपोषण से ग्रसित बच्चे का कुशलक्षेम भी जाना और चिकित्सकों से उसके स्वास्थ्य व उपचार की जानकारी ली।
उन्होंने अस्पताल परिसर को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य सड़क से अस्पताल तक एंबुलेंस की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक एंबुलेंस मार्ग की संभावनाएं तलाशने को स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया। एसडीएम ने कहा कि गंभीर मरीजों को बिना किसी रुकावट के समय पर उपचार उपलब्ध करवाने के लिए एंबुलेंस मार्ग की उचित व्यवस्था जरूरी है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल चौहान ने एसडीएम को अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चल रहे व प्रस्तावित निर्माण कार्यों और विभाग की कार्यप्रणाली से अवगत करवाया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने में प्रशासन व विभिन्न विभागों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया तथा सभी संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया।