16 सितंबर: सोलन शहर में डिलीवरी पहुंचाने में हुई कुछ मिनट की देरी को लेकर एक ग्राहक द्वारा डिलीवरी राइडर के साथ मारपीट करने और कथित तौर पर रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद शहर के डिलीवरी राइडर्स में रोष है। राइडर्स ने पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, डिलीवरी राइडर अनूप चौहान ठोडो मैदान के समीप सामान पहुंचाने गया था। उसके पास इस क्षेत्र के दो ऑर्डर थे। एक ऑर्डर की डिलीवरी करने के बाद जब वह दूसरे ग्राहक के पास पहुंचा तो कुछ देरी हो गई। आरोप है कि देरी से नाराज ग्राहक ने अनूप के साथ बहस शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद ग्राहक ने रिवॉल्वर निकालकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोलन शहर के कई डिलीवरी राइडर्स एकजुट होकर पुलिस थाने पहुंचे। राइडर्स ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक और अन्य परिस्थितियों के कारण डिलीवरी में कभी-कभी कुछ मिनट की देरी हो सकती है, लेकिन इसके लिए राइडर्स के साथ मारपीट या धमकी देना गंभीर चिंता का विषय है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि राइडर के साथ मारपीट की बात सामने आई है, जबकि रिवॉल्वर दिखाने के आरोप की भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और तथ्यों की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।