किशाऊ परियोजना पर अनुराग ठाकुर का सीएम सुक्खू पर निशाना, बोले- श्रेय लेने की जल्दबाजी से बचें

16 सितंबर: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर बुधवार सुबह 8:50 बजे इंडिगो एयरलाइंस के विमान से गगल एयरपोर्ट पहुंचे। यहां भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। गगल एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि किशाऊ परियोजना किसी एक मुख्यमंत्री की उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने परियोजना को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। केंद्र सरकार परियोजना के वित्तीय भार का करीब 90 प्रतिशत वहन करेगी, जबकि शेष 10 प्रतिशत राशि सहभागी राज्यों द्वारा साझा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना से सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और जलविद्युत उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अनुराग ठाकुर ने इसे राज्यों और केंद्र के बीच समन्वय का उदाहरण बताते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों को आपसी सहमति और संवाद के जरिए आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू पर तंज कसते हुए कहा कि फोटो खिंचवाने और श्रेय लेने की राजनीति से बचना चाहिए। उनका कहना था कि जनता देख रही है कि कौन काम कर रहा है और कौन श्रेय लेने की जल्दबाजी में है।

डिजिटल भुगतान और यूपीआई के मुद्दे पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि डिजिटल लेन-देन से आम लोगों का जीवन आसान हुआ है। उन्होंने कांग्रेस पर सरकारी नीतियों को समझे बिना केवल आलोचना करने और भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने यूपीआई और डिजिटल भुगतान के व्यापक इस्तेमाल को भारत की उपलब्धि बताया।

ऑनलाइन कंटेंट को लेकर माता को जारी समन के मामले पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और रचनात्मकता का इस्तेमाल समाज, विशेषकर बच्चों के लिए नुकसानदायक तरीके से नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में काम कर रही बड़ी तकनीकी कंपनियों को भारतीय कानूनों का पालन करना होगा।

राहुल गांधी के बयानों पर टिप्पणी करते हुए अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भाजपा और उसके नेताओं की आलोचना करती थी, जबकि अब उसकी आलोचना देश तक पहुंच गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *