16 सितम्बर: गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए वर्षों से समाजसेवा में सक्रिय केडी राणा इन दिनों गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक उपचार टांडा मेडिकल कॉलेज में करवाने के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए मैक्स अस्पताल ले जाया गया था। स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने के बाद वह घर लौट आए थे, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानी दोबारा बढ़ने के चलते अब उनका उपचार डीएमसी अस्पताल, लुधियाना में चल रहा है।
केडी राणा क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए लंबे समय से कार्य करते आ रहे हैं। उन्होंने करीब 45 गरीब बेटियों के विवाह में राशन और आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने में सहयोग किया है। इसके अलावा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और पालन-पोषण में मदद करने के साथ गरीब परिवारों के लिए घर बनवाने में भी सहयोग किया है।
जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई में आर्थिक सहायता करना, गरीब परिवारों को लंबे समय तक राशन उपलब्ध करवाना और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास करना उनकी समाजसेवा का हिस्सा रहा है। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों के घर और शौचालय निर्माण जैसी आवश्यकताओं में भी सहयोग किया है।
बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों की आर्थिक मदद करने के साथ उनके उपचार के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से सहयोग जुटाने में भी केडी राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कई परिवारों के लिए वह कठिन परिस्थितियों में सहारा बने हैं।
बताया जा रहा है कि वह रोजमर्रा की तरह अपने कार्यालय का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वर्तमान में डीएमसी लुधियाना में चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
केडी राणा की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद उनके सहयोगियों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है। लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए दुआएं मांगी हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्षों से जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले केडी राणा के स्वस्थ होने के लिए आज पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।
लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना की है, ताकि वह दोबारा उसी ऊर्जा के साथ जरूरतमंद लोगों की सेवा में जुट सकें।