15 सितम्बर , तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के लोक प्रशासन विभाग की ओर से अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के अवसर पर प्रयास हॉल में एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्राचार्य एवं मुख्य संरक्षक प्रो. राकेश पठानिया के मार्गदर्शन में किया गया। राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां के प्राचार्य प्रो. एसके सोनी ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम में स्लोगन लेखन, मॉक पार्लियामेंट (युवा संसद), कल्चरल वॉक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। युवा संसद में विद्यार्थियों ने जीवंत संसदीय बहस का प्रदर्शन किया। शुभम ने प्रधानमंत्री, मान्या ने विदेश मंत्री और आयुष ने विपक्ष के नेता की भूमिका निभाई। प्रश्नकाल और शून्यकाल के दौरान नीट परीक्षा, दिल्ली में भूख हड़ताल, पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण, प्राकृतिक आपदाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, अर्थव्यवस्था, जीडीपी, बेरोजगारी, पर्यावरण, अरुणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विद्यार्थियों ने जोरदार बहस की। 
‘विभिन्न संस्कृतियां, एक भारत’ थीम पर आयोजित कल्चरल वॉक में विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवा संसद के बेस्ट स्पीकर का पुरस्कार तन्नू और लक्ष्मी को, आउटस्टैंडिंग स्पीकर का पुरस्कार अंशिका को और बेस्ट फैक्चुअल स्पीकर का पुरस्कार निवृत्ति को मिला। स्लोगन लेखन में सात्विक ने प्रथम, रितिका ने द्वितीय और शुभम ने तृतीय स्थान हासिल किया। कल्चरल वॉक में शिवम और कनिका प्रथम, पायल और मुस्कान द्वितीय तथा मान्या और नितिश तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में प्रो. ऋषभ (हिंदी विभाग), प्रो. संजय (राजनीति विज्ञान विभाग), डॉ. गौरव महाजन, डॉ. पूजा दीवान (शिक्षा विभाग), डॉ. दीपिका (मनोविज्ञान विभाग) और ठाकुर (पर्यावरण विज्ञान विभाग) शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में लोक प्रशासन विभाग के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने मुख्य अतिथि प्रो. एसके सोनी, प्रो. राकेश पठानिया, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।