गाय को रस्सी से घसीटकर वाहन में डालने के मामले में दो युवक गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी

15 सितम्बर:गाय को रस्सी से बांधकर जबरदस्ती वाहन में डालने और घसीटने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स एक्ट की धारा 11(1)(ए) और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, बीती शाम करीब 6:40 बजे शिकायतकर्ता ववेली से ऊवाग पुल के समीप से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि दो युवक एक गाय के गले में रस्सी बांधकर उसे जबरदस्ती घसीटते हुए वाहन में डाल रहे थे। पूछताछ करने पर युवकों ने बताया कि उन्होंने गाय खरीदी है और उसे जिया ले जा रहे हैं। शिकायतकर्ता द्वारा गाय को अपनी बताया गया, जिसके बाद एक युवक मौके से फरार हो गया।

मौके पर पकड़े गए वाहन चालक की उम्र 20 वर्ष है और वह गांव ग्वाली, तहसील पधर, जिला मंडी का रहने वाला है। वहीं, फरार हुए दूसरे व्यक्ति की उम्र 40 वर्ष है और वह गांव जिया, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू का निवासी है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार युवक को भी पकड़ लिया। दोनों युवकों को जांच में शामिल करने के बाद नियमानुसार गिरफ्तार कर नोटिस पर पाबंद किया गया है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। एसपी अभिषेक सेकर ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *