बीबीएन, 1 फरवरी (कविता गौतम):
थाना मानपुरा के अंतर्गत मानकपुर के पास डाबर चौक पुल के समीप रविवार को एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल संख्या HP-81-1946 पर सवार चालक शमशेर सिंह पुत्र चरण दास निवासी किशनपुरा तथा पीछे बैठे अवतार सिंह पुत्र खेम सिंह निवासी गांव ऐरवां, जिला चंबा, दुर्घटना का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल को तेज गति और लापरवाही से चलाए जाने के कारण वाहन मानकपुर–डाबर चौक पुल से करीब 25–30 फुट नीचे नदी में गिर गया, जिससे दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत उपचार के लिए सरकारी अस्पताल बद्दी लाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। चंडीगढ़ ले जाते समय चालक शमशेर सिंह ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
डीएसपी योगराज चंदेल ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता एवं मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना मानपुरा में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस द्वारा आगामी जांच प्रक्रिया जारी है।