हरोली की 14 पंचायतों में घर-घर कचरा उठाएंगे ई-रिक्शा, मुकेश अग्निहोत्री ने दिखाई हरी झंडी

16 नवम्बर: हरोली में सीबीएसई स्कूल भवन के निर्माण के लिए 12.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भवन का डिजाइन और ड्राइंग तैयार कर ली गई है तथा इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह जानकारी हरोली में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान दी।

इस दौरान उन्होंने हरोली विकास खंड की 14 ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 14 पंचायतों को ई-रिक्शा उपलब्ध करवाए गए हैं, जिनके माध्यम से घर-घर जाकर कचरा एकत्रित किया जाएगा। आने वाले समय में ई-रिक्शा की संख्या और बढ़ाई जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली को स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल से स्वच्छता अभियान को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में स्थानीय लोगों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है और हरोली ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने हरोली-दिल्ली वोल्वो बस सेवा का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस सेवा से क्षेत्र के लोगों को दिल्ली आने-जाने के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि हरोली में इलेक्ट्रिक बस डिपो शुरू करने के बाद अधिकांश बसें इलेक्ट्रिक उपलब्ध करवाई गई हैं और उनका संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। हरित परिवहन को बढ़ावा देना भी क्लीन हरोली, ग्रीन हरोली की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *