विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला सर्वस्पर्शी बजट : हिमाचल के लिए ईको-टूरिज्म व अधोसंरचना विकास की नई राह

प्रेस रिलीज़ | 01 फरवरी 2026

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत, सर्वस्पर्शी और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत का एक ठोस ब्लूप्रिंट है।

शिमला स्थित भाजपा पार्टी कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बजट का सीधा प्रसारण सुनने के उपरांत जयराम ठाकुर ने कहा कि 7 प्रतिशत की अनुमानित विकास दर और 12.2 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड पूंजीगत निवेश से देश में अधोसंरचना, आईटी, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस ऐतिहासिक बजट के लिए बधाई दी।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 12.75 लाख रुपये तक की कर-मुक्त आय से मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिली है। वहीं ‘लखपति दीदी’ और ‘महात्मा गांधी हैंडलूम’ जैसी योजनाओं के माध्यम से नारी शक्ति और बुनकरों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। कैंसर की दवाओं पर सीमा शुल्क में छूट जैसे निर्णय आमजन के लिए राहतकारी हैं।

हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में बजट को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि ईको-टूरिज्म के तहत ‘माउंटेन ट्रेल्स’ और ईको-ट्रेकिंग परियोजनाओं की घोषणा से प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, नए पर्यटन स्थल विकसित होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन विस्तार हिमाचल को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए बहुपक्षीय विकास बैंकों की सहायता से विशेष वित्तीय सहयोग का प्रावधान राज्य के लिए राहत देने वाला है। साथ ही ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में कनेक्टिविटी और अधोसंरचना विकास से दूरदराज़ इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर के लिए क्रेडिट गारंटी योजनाएं, फार्मा उद्योग को प्रोत्साहन, कृषि में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, प्राकृतिक खेती और ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ जैसे कदम हिमाचल की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों, बागवानों और उद्योगों को मजबूती प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि लगभग 7 प्रतिशत विकास दर, समावेशी विकास और अंत्योदय के संकल्प के साथ यह बजट गरीब कल्याण, किसान उत्थान, नारी सशक्तिकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को समर्पित है। यह बजट अधोसंरचना विकास के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त करता है।

कार्यक्रम के अंत में जयराम ठाकुर ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *