9 सितंबर: कांगड़ा इंटरनेशनल स्कूल, शाहपुर में खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से 7वां अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “Racing for Air: Every Breath Matters” रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के कारणों और इसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की अध्यापिका अंकिता के स्वागत संबोधन से हुई। इंटरैक्ट क्लब के अध्यक्ष अनिकेत सिंह राणा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। 
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रितिका देवी ने वायु प्रदूषण से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से कचरा न जलाने, आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण हितैषी आदतें अपनाने का आह्वान किया।
कांगड़ा इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन प्रकाश चंद ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को स्वच्छ वायु के महत्व के प्रति जागरूक करना स्वस्थ और हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर वीरेंद्र बलौरिया, रेखा देवी, प्रशांता देवी, रितिका देवी और आशा कार्यकर्ता रीना देवी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर स्वास्थ्य एवं वायु प्रदूषण से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के अंत में स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।