9 सितम्बर: एआरटीओ आकांक्षा शर्मा की अध्यक्षता में ऑटो रिक्शा किराए को लेकर विभिन्न यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल्लू, मनाली और भुंतर ऑटो रिक्शा यूनियनों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक के दौरान सभी यूनियनों ने अपनी-अपनी रेट लिस्ट क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में जमा करवाई। निर्णय लिया गया कि सभी ऑटो चालक यात्रियों से निर्धारित रेट लिस्ट के अनुसार ही किराया वसूल करेंगे। इस व्यवस्था पर सभी यूनियन प्रतिनिधियों ने सहमति जताई।
बैठक में यह भी तय किया गया कि कोई भी ऑटो चालक यात्री को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने से इनकार नहीं करेगा। यूनियनों से जुड़े सभी ऑटो चालकों के लिए समान किराया व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा ऑटो चालकों को वैध परमिट, इंश्योरेंस, फिटनेस और ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन संचालित करने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी यूनियन प्रधानों ने इन निर्णयों पर सहमति जताते हुए इन्हें सर्वसम्मति से लागू करने का निर्णय लिया।
बैठक में मनाली यूनियन के प्रधान मोती राम सोनी, कुल्लू ऑटो यूनियन के महासचिव संजय कपूर, भुंतर यूनियन के उपाध्यक्ष देवी सिंह, किशन चंद (कुल्लू), मनाली यूनियन के महासचिव खेखराम और भूषण सिंह उपस्थित रहे।