8 सितंबर: मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के नौवें चरण को लेकर विकास खंड कार्यालय बैजनाथ के सभागार में विधायक किशोरी लाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पात्र परिवारों के चयन, सत्यापन और उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
विधायक किशोरी लाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ वास्तविक रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि नौवें चरण में एक भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को पूर्व के चरणों में किसी कारणवश छूट गए पात्र परिवारों को भी इस चरण में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही उपलब्ध जानकारी के आधार पर संभावित पात्र परिवारों की पहचान कर उनके दस्तावेजों और पात्रता का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।
किशोरी लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल पात्र परिवारों का चयन करना नहीं, बल्कि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी योजना से संबंधित विभिन्न सुझाव और समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने सभी विषयों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए आवश्यक मामलों को प्रदेश सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया।
बैठक में पात्र और जरूरतमंद परिवारों की सही पहचान करने तथा अपात्र लोगों को सूची में शामिल होने से रोकने के लिए निर्धारित मानदंडों और सत्यापन प्रक्रिया का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक की कार्यवाही का संचालन खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया ने किया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार गुरमुख सिंह, एसईबीपीओ अजय सिंह, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सचिव और राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।