ढली-कैथलीघाट फोरलेन निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, क्रेन का बूम गिरने से मजदूर की मौत, तीन घायल

8 सितंबर: ढली-कैथलीघाट फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान सोमवार दोपहर पुजारली के सुईंठा क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण स्थल पर काम के दौरान टावर क्रेन का बूम अचानक जमीन पर खड़े श्रमिकों के ऊपर जा गिरा। हादसे में चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए। इनमें एक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

मृतक की पहचान 36 वर्षीय मोहर सिंह निवासी जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान रोमित, नसीम मोहम्मद और चंद्रकांत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों घायल भी जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के रहने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार सुईंठा क्षेत्र में ढली-कैथलीघाट फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान टावर क्रेन का बूम अचानक टूटकर नीचे गिर गया और वहां मौजूद श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों और लोगों ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मोहर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रोमित, नसीम मोहम्मद और चंद्रकांत का उपचार अस्पताल में जारी है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी आईजीएमसी पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *